
हरि न्यूज
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियंत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय ने इस वर्ष GATE परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया है। संकाय के 38 छात्रों ने GATE परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में संकाय के सभागार में एक विशेष छात्र सेमिनार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी सफल छात्रों को गुरुकुलीय वैदिक परंपरा के अनुसार पताका पहनाकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकायाध्यक्ष डॉ मयंक अग्रवाल ने कहा कि इंजीनियरिंग छात्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण ने संकाय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि यह सफलता संकाय के शिक्षकों की सृजनात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धति का परिणाम है।
इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष प्रो विपुल शर्मा ने कहा कि संकाय के सभी शिक्षक पूर्ण निष्ठा के साथ अध्यापन कार्य कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहा है।
मैकेनिकल विभागाध्यक्ष डॉ संजीव लाम्बा ने GATE परीक्षा की कठिनता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय स्तर की चुनौतीपूर्ण परीक्षा है, जिसे उत्तीर्ण करना आसान नहीं होता, लेकिन संकाय के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभुत्व स्थापित किया है।
इलेक्ट्रिकल विभागाध्यक्ष डॉ गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इलेक्ट्रिकल विभाग के छात्रों ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर सहायक कुलसचिव डॉ पंकज कौशिक ने जानकारी दी कि सत्र 2024–26 में संकाय के अंतर्गत
कम्प्यूटर विज्ञान: 30 छात्र
इलेक्ट्रॉनिक्स: 02 छात्र
इलेक्ट्रिकल: 05 छात्र
मैकेनिकल: 01 छात्र
ने GATE परीक्षा उत्तीर्ण की है।
कार्यक्रम में डॉ लोकेश जोशी, योगेश कुमार, डॉ ब्रजेश कुमार, अविरल अवस्थी एवं अतुल कुमार वाष्र्णेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन लोकेश भारद्वाज द्वारा किया गया।
