
हरि न्यूज
हरिद्वार, 29 मार्च।जिला मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों ने बैठक कर 3 अप्रैल से आयोजित की जा रही राज्य स्तरीय यूथ मुक्केबाजी प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की। विवेक विहार स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक के दौरान जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डा.विशाल गर्ग ने बताया कि बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की रही प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 97 एवं बालिका वर्ग में 57 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। सभी टीम और खिलाड़ी 2 अप्रैल को योगस्थली खेल परिसर रोशनाबाद हरिद्वार पहुंच जाएंगे। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोहन सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 10 जिलों एवं 10 स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम प्रतिभाग करेंगी। जिनमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग आदि जनपद एवं स्पोर्ट्स कॉलेज में एसटीसी काशीपुर, पिथौरागढ़ गर्ल्स स्पोर्ट्स छात्रावास, महाराणा प्रताप बालक स्पोर्ट्स कालेज पिथौरागढ़, टनकपुर स्पोर्ट्स कालेज, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून, कोटद्वार स्पोर्ट्स कालेज आदि शामिल हैं। रोहन सहगल ने बताया कि प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए 20 तकनीकी विशेषज्ञ भी हरिद्वार आ रहे हैं। जिनमें कुछ विशेषज्ञ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
सचिव विपिन चौधरी ने बताया कि उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित स्पोर्ट्स कालेज के खिलाड़ी बहुत मेहनती एवं तकनीकी रूप से माहिर होते हैं। पिथौरागढ़ जिले का विगत 3 दशकों से बॉक्सिंग में विशेष योगदान रहा है। उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित बॉक्सिंग ट्रेनिंग कैंप व स्पोर्ट्स कालेज के कोच भी खिलाड़ियों पर मेहनत कर रहे हैं। सभी के योगदान उत्तराखंड में बॉक्सिंग नंबर 1 खेल बन गया है। बॉक्सिंग खेल में हर साल उत्तराखंड के दो-तीन नए खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं, जो उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है।
हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव नवीन चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों, टीम मैनेजर और कोच को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। हरिद्वार में प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ी प्रोत्साहित होंगे। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के प्रयासों से हरिद्वार में भी मुक्केबाजी खेल का प्रचलन बढ़ रहा है। हरिद्वार में मुक्केबाजी खेल को बढ़ावा देने के लिए विगत 10 वर्षों से हरिद्वार के गुरुकुल नारसन, लिबरहेड़ी, रुड़की, बहादराबाद, नवोदयनगर तथा रोशनाबाद में प्रशिक्षण शिविर का संचालन किया जा रहा है। कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी ने कहा कि हरिद्वार से कई प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आए हैं। बैठक में रोहन सहगल, डा.विशाल गर्ग, विपिन चौधरी, राकेश चौधरी, सुनीता चौधरी, सुधीर जोशी, श्याम सिंह, नवीन चौहान सहित सभी सदस्य शामिल रहे।
