
हरि न्यूज
हरिद्वार। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जूना अखाड़ा स्थित आनंद भैरव मंदिर में श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्तजन समर्पित भाव से भगवान श्री आनंद भैरव जी की पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
मंदिर परिसर में नवरात्र के दौरान विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन कर रहे हैं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर श्री आनंद भैरव मंदिर के मुख्य पुजारी विमल देव गिरि महाराज ने बताया कि भगवान श्री आनंद भैरव जी की पूजा-अर्चना करने से जीवन के सभी दुख और संकट समाप्त हो जाते हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि भगवान आनंद भैरव जी अत्यंत दयालु हैं और सच्चे मन से की गई प्रार्थना को अवश्य स्वीकार करते हैं।
नवरात्र के चलते मंदिर में विशेष सजावट की गई है और भक्तों की सुविधा के लिए भी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस धार्मिक पर्व का आनंद ले रहे हैं।
