हरि न्यूज
हरिद्वार।नगर निगम हरिद्वार द्वारा जल संस्थान हरिद्वार को नारायणी शिला मार्ग पर कराए गए मरम्मत कार्य के संबंध में नोटिस प्रेषित किया गया है। नगर निगम के अनुसार,बीते दिनों जल संस्थान द्वारा अपने विभागीय कार्य से संबंधित मरम्मत कार्य नारायणी शिला मार्ग के किनारे कराया गया था, जिसके पश्चात उक्त स्थान पर सड़क में गड्ढा हो गया।
नगर निगम के संज्ञान में यह बात आई है कि हाल ही में उसी स्थान पर सड़क में गड्ढा बनने से आम नागरिकों के जान–माल को क्षति पहुंचने की संभावना बनी हुई थी। इसके बावजूद,जल संस्थान द्वारा उक्त मरम्मत कार्य कराए जाने से पूर्व नगर निगम, हरिद्वार को किसी प्रकार की सूचना अथवा अनुमति नहीं दी गई।
नगर निगम द्वारा जारी नोटिस में जल संस्थान को निर्देशित किया गया है कि संबंधित स्थल पर तत्काल प्रभाव से उचित मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
साथ ही नगर निगम ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि जल संस्थान द्वारा नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत अपने कार्य से संबंधित किसी भी प्रकार का मरम्मत अथवा अन्य कार्य कराया जाता है, तो उससे पूर्व नगर निगम, हरिद्वार को अवगत कराना एवं आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना पूर्व सूचना किए गए कार्यों से उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
नगर निगम ने कहा कि शहर की सड़कों की सुरक्षा एवं आम नागरिकों की जान–माल की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
