
प्रदेश सरकार की नीति कर्मचारी विरोधी:मुकेश सिन्हा

हरि न्यूज/मुकेश सिन्हा
बिजनौर।उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को शिक्षकों की भांति कैशलैस चिकित्सा सुविधा से वंचित किए जाने के विरोध में प्रदेश संगठन के आवाहन पर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांध कर परीक्षा कार्य किया है । माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी संगठन प्रदेश सरकार से राजकीय कर्मचारियों की भांति कैशलैस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का शासनादेश जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन रत थे। प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, रसोइयां सहित माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को इस कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने का शासनादेश जारी कर दिया लेकिन माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को इस सुविधा से वंचित कर दिया गया है। प्रदेश के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने प्रदेश संगठन के आवाहन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपने साथ हुई नाइंसाफी से अवगत कराया वहीं प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री,उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित शिक्षा निदेशक को मांगपत्र देकर अपने साथ हुए भेदभाव से अवगत कराकर प्रदेश के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने की राजाज्ञा जारी करने की मांग की है। प्रदेश संगठन के आवाहन पर जिलाध्यक्ष मुकेश सिन्हा की अपील पर जनपद के दर्जनों माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कैशलैस चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर सरकार के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांध कर कार्य किया। इन विद्यालयों में कार्यरत आऊटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भी इस आंदोलन में काली पट्टी बांध कर अपना समर्थन दिया। जिलाध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने बताया बिजनौर जनपद सहित समूचे प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के दौरान शिक्षणेत्तर व आऊटसोर्सिंग कर्मचारी बांह पर काली पट्टी बांध कर कार्य करते हुए अपना विरोध प्रकट करते रहेंगे। इसके अलावा शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की ओर से जनपद के विधायक व विधान परिषद सदस्य को मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र सौपकर सरकार से हस्तक्षेप कर शिक्षकों की भांति कैशलैस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। संगठन के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अंशुल शर्मा,जिला मंत्री अंशुल शर्मा,जिला उपाध्यक्ष भीमसेन हल्दिया,अनुराग भारद्वाज,जिला कोषाध्यक्ष जिवेन्द्र कुमार ने जनपद के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से सरकार की कर्मचारी विरोधी नीति के विरोध एकजुट होकर आवाज उठाने व परीक्षा के दौरान काली पट्टी बांध कर कार्य करने की अपील की है।
